Next Story
Newszop

लॉ कॉलेज छात्रा से गैंगरेप के विरोध में चुंचुड़ा में भाजपा का प्रदर्शन, महिला कार्यकर्ता समेत दो घायल

Send Push

हुगली, 28 जून (Udaipur Kiran) । साउथ कोलकाता लॉ कॉलेज की छात्रा के साथ गैंगरेप की घटना को लेकर राज्यभर में उबाल है। इसी कड़ी में शनिवार दोपहर हुगली सांगठनिक जिला भाजपा ने चुंचुड़ा के रवींद्रनगर में जीटी रोड को अवरुद्ध कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करीब 45 मिनट तक चला, जिसके कारण इलाके में यातायात बाधित रहा।

प्रदर्शन के दौरान भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पश्चिम बंगाल की तृणमूल सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की। स्थिति तब बिगड़ गई जब भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प हो गई। झड़प में भाजपा की महिला कार्यकर्ता रूबी राय और एक अन्य कार्यकर्ता शाश्वत बनर्जी घायल हो गए। दोनों को तत्काल चुंचुड़ा के इमामबाड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

भाजपा का आरोप है कि राज्य सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। पार्टी ने इस घटना के विरोध में राज्यव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी है।

गौरतलब है कि साउथ कोलकाता लॉ कॉलेज की एक छात्रा के साथ सामूहिक बलात्कार की घटना सामने आने के बाद राज्य की राजनीति में घमासान मचा हुआ है। भाजपा इस घटना को लेकर राज्य सरकार पर हमलावर है और लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय

Loving Newspoint? Download the app now