– मंत्री सारंग ने भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता को किया संबोधित
भोपाल, 8 जुलाई (Udaipur Kiran) । प्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग ने अशोकनगर में कांग्रेस के असफल प्रदर्शन को लेकर मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि कांग्रेस ने जिस प्रकार से फूहड़तापूर्ण प्रदर्शन की कोशिश की थी, वह पूरी तरह से फेल हो चुका है। इस मामले में कांग्रेस और जीतू पटवारी का रवैया चोरी और सीनाजोरी करने वाला है। जीतू पटवारी अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने और अपनी छवि चमकाने के लिए बिना तथ्यों के सनसनीखेज खबर फैलाने के दोषी हैं। कांग्रेस के कथित प्रदर्शन में उनके विधायक साहब सिंह गुर्जर ने हिजड़ा शब्द का प्रयोग क्या प्रदर्शन में शामिल नहीं होने वाले कमलनाथ, अरूण यादव और अजय सिंह के लिए प्रयोग किया है?
स्वयं को कानून और संविधान से ऊपर मानना कांग्रेस नेताओं के डीएनए में
सारंग ने कहा कि कांग्रेस के विधायक साहब सिंह गुर्जर ने अशोकनगर में कांग्रेस के कथित प्रदर्शन में शामिल नहीं होने वाले कांग्रेस नेताओं के लिए अनर्गल व आपत्तिजनक हिजड़ा शब्द का उपयोग किया है। क्या यह शब्द कांग्रेस नेता कमलनाथ और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरूण यादव के लिए है, जो इस कथित प्रदर्शन में शामिल नहीं हुए हैं। यह प्रदर्शन कांग्रेस की गुटबाजी का प्रबल उदाहरण प्रस्तुत करता है। पहले चोरी और ऊपर से सीना जोरी, स्वयं गलती करो और उसे छिपाने के लिए कानून और संविधान को धता बताना, स्वयं को कानून और संविधान से ऊपर मानने का गुरूर कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं के डीएनए में रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक का यह बयान थर्ड जेंडर और महिलाओं का भी अपमान है।
जीतू पटवारी ने प्रशासन को धमकाया, युवाओं का किया अपमान
विश्वास सारंग ने कहा कि जीतू पटवारी ने मीडिया की सुर्खियों में आने के लिए अशोकनगर की घटना को गलत ढंग से प्रस्तुत किया। उनका यह कृत्य निश्चित रूप से गैरकानूनी था। उन्होंने जिस प्रकार सोशल मीडिया पर जिला कलेक्टर से स्पीकर ऑन करके बात की, जिस तरह से दादागिरी और चमकाने की भाषा का प्रयोग किया उसके माध्यम से जीतू पटवारी संभवतः यह बताने की कोशिश कर रहे थे कि अब मैं बहुत बड़ा नेता हो गया हूं। हद तो तब हो गई जब उन युवाओं को सार्वजनिक रूप से अपमानित करने के लिए यह झूठी बात कही गई कि उन्हें मल खिलाया गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने उन्हें मोटरसाइकिल व पैसों का लालच दिया था। इस मामले में अशोकनगर पुलिस द्वारा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास, अमानवीय आपराधिक षडयंत्र, प्रदेश की छवि धूमिल करना, राजनैतिक आपराधिक षड्यंत्र से सम्बंधित भारतीय न्याय सहिंता की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया, जिसकी जांच जारी है। जीतू पटवारी ने एक तो झूठी बात प्रचारित करके गलती की और माफी मांगने की बजाय कानून अपने हाथ में लेकर सीनाजोरी कर रहे हैं। यदि जीतू पटवारी वास्तव में संविधान का सम्मान करते हैं, तो एफआईआर दर्ज होने के बाद उन्हें स्वयं गिरफ्तारी देना थी।
पं. नेहरू से लेकर राहुल तक संविधान की धज्जियां उड़ाती रही कांग्रेस
विश्वास सारंग ने कहा कि कांग्रेस नेताओं द्वारा संविधान की धज्जियां उड़ाना कोई नई बात नहीं है। पं. नेहरू से लेकर राहुल गांधी तक संविधान को अपमानित करते रहे हैं। नेहरू जी के समय जब फीरोज गांधी ने भ्रष्टाचार को उजागर किया था, तब संविधान की धज्जियां उड़ाई गई थी। इंदिरा गांधी द्वारा आपातकाल लगाना, समाज में भय का माहौल पैदा करके जबरदस्ती नसबंदी कराना संविधान का अपमान नहीं तो क्या था? राजीव गांधी द्वारा शाहबानो प्रकरण के माध्यम से संविधान का अपमान करना और कोर्ट की अवमानना करना क्या था? राहुल गांधी ने मनमोहन सरकार के समय संसद से पारित प्रस्ताव को फाड़ देना, नेशनल हेराल्ड मामला जिसमें करोड़ों का भ्रष्टाचार हुआ, उसकी जांच के दौरान एजेंसियों को सार्वजनिक रूप से अपमानित करके क्या उन्होंने संवैधानिक व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े नहीं किये? साम्राज्यवादी मानसिकता के चलते अपने आपको संविधान से ऊपर बताना नेहरू परिवार की आदत रही है और इसी आदत से मजबूर होकर कांग्रेस ने आज इस प्रदर्शन का आयोजन किया था।
114 से 63 पर आई, अब 10 पर भी नहीं पहुंचेगी कांग्रेस
सारंग ने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा कल से प्रदेश में यह माहौल बनाया जा रहा था कि हमें रोका जा रहा है। कांग्रेस के लोग अधिकारियों से कह रहे हैं कि हमारी सरकार आएगी, तब तुम्हें देख लेंगे। धमकाने और चमकाने की ऐसी ही राजनीति कमलनाथ ने भी की थी और कांग्रेस 114 से घटकर 63 पर आ गई। श्री सारंग ने कहा कि मैं ये दावा करता हूं। पहले तिहाई में थे, फिर दहाई में पहुंचे और अगर कांग्रेस के नेता ऐसी ही बातें करते रहे, तो 10 तक भी नहीं पहुंच पाएंगे, इकाई में ही सिमट जाएंगे।
(Udaipur Kiran) / उम्मेद सिंह रावत
You may also like
5 लाख सालाना में बनें डॉक्टर! भारत का पड़ोसी देश अपने यहां दे रहा MBBS में एडमिशन, पढ़ें पूरी डिटेल्स
क्या है 'हीर एक्सप्रेस' का नया गाना 'डोरे-डोरे'? जानें इस शादी वाले ट्रैक की खासियत!
क्या है मधुर भंडारकर की नई फिल्म 'द वाइव्स' का रहस्य? जानें इस दिलचस्प कहानी के बारे में!
यूलिया वंतूर के साथ दीपक तिजोरी का अनुभव: एक नई फिल्म में अद्भुत शुरुआत!
रानी चटर्जी का नया डांस वीडियो: क्या है इस गाने की खासियत?